Tuesday, March 25, 2014

चिंतन ओध

"**चिंतन ओध**"
लोकतन्त्र का उनके उर में, नहीं पनपता बोध,
सहन जो करते नहीं विरोध|
सहन जो करते नहीं विरोध||

राजनीति के विविध विरोधी, सहयोगी होते हैं,
तर्क विवेकी स्वच्छ नीर से, बैर मैल धोते हैं|
नव विकास के हेतु न चाहें, वे संवर्धन शोध,
सहन जो करते नहीं विरोध|
सहन जो करते नहीं विरोध|| 

एक जगह पर रूक जाने को, जड़ता माना जाता,
बीज न जो सड़ता गलत है, वो न पुनः उग पाता|
नवपरिवर्तन कभी न लाता, उनका चिंतन ओध,
सहन जो करते नहीं विरोध|
सहन जो करते नहीं विरोध||

जनसेवा के लिए सँभालें, जो भी शासन सत्ता,
उनके साथ राष्ट्र उपवन का, हँसता पत्ता-पत्ता| 
प्रायः न्याय नीतियाँ तज के, भग जाते वे योध,
सहन जो करते नहीं विरोध|
सहन जो करते नहीं विरोध||

Monday, March 10, 2014

कवि जीवन तो..



कवि जीवन तो वक्त विवेचक स्नेहाकर्षण है,
सब कुछ साफ दिखाई देता उज्ज्वल दर्पण है|

संग ह्रदय से स्नेह सलिल की धार फूट पड़ती,
जब नयनों में करुण भाव का रहता तर्पण है|

बिगड़े हुए कार्य बन जाते, वहाँ न रिपु रहते,
जहाँ प्यार से रहा प्यार के लिए समर्पण है|

वह उत्तम विचार का उतना बन सकता दानी-
तर्क- कसौटी पर जो करता जितना घर्षण है|

परपीड़ा से पीड़ित जब उर करुणामय होता,
तब कर सकता भाव सुधा से भरा प्रवर्षण है|

कह सकते कवि उसे तुका जो निष्पृह अंतर से,
कर देता परमार्थ स्वतः ही तन मन अर्पण है|

Friday, March 7, 2014

उज्ज्वल तन की ह्रदय मलिनता

राजनीति में छिपी कुटिलता दुनिया ने देखी|
उज्ज्वल तन की ह्रदय मलिनता दुनिया ने देखी||

जोड़- गाँठ से बड़ी कुर्सियाँ जो छीने उनकी,
गाँव-नगर में व्याप्त पतितता दुनिया ने देखी|

शक्तिवान को और और जो दुर्बल को मिलती,
न्याय-नीति में वही विविधता दुनिया ने देखी|

संत भाँति बेदाग़ लबादे जो लादें उनकी,
चतुराई से जनित अधमता दुनिया ने देखी|

हाड़ तोड़ श्रम करें 'तुका' जो तरसें रोटी को ,
उन आँखों में भरी सलिलता दुनिया ने देखी |

Friday, February 28, 2014

मिली सर्जना शक्ति ...

मिली सर्जना शक्ति ...

जिन्हें चाह थी वे हुए दूर हम से,
मिली सर्जना शक्ति भोगे अलम से|

नहीं खौफ खाये किसी भी वहम से,
सदाचार सीखे प्रकृति के नियम से|

नये दौर की रौशनी देख ली तो, 
शिकायत नहीं रह गई है अदम से|

व्यवस्था जिसे मान पापी रही थी,
जुड़े धर्म के तंतु भी उस अधम से|

उन्हें टोकिये रोकिये जो किसी के,
खरीदें यहाँ वोट काली रकम से| 

जईफी 'तुका' शान से कह रही यूँ ,
नहीं साँस लेना किसी के करम से|

Wednesday, February 26, 2014

सहज संतुलन


कभी दूसरों को सताये नहीं है,
भरे नैन डर से झुकाये नहीं है|

अगर हम तुम्हारे नहीं हो सके तो,
हुए आज तक भी पराये नहीं है|

उन्हें क्या पता पीर में पीर है क्यों,
जिन्होंने कभी दुख उठाये नहीं हैं|

उन्हें रौशनी में अँधेरा दिखे जो,
दृगों को अभी खोल पाये नहीं हैं|

खुली बात सुनते खुली बात कहते, 
इशारे किसी को दिखाये नहीं हैं |

वही शील के मीत होते तुका जो,
सहज संतुलन को गँवाये नहीं हैं|

Wednesday, February 19, 2014

गीत लिखता हूँ गाता हूँ..

जिन शब्दों से शान्ति पनपती, उन्हें सुनाता हूँ,
इंसानों को इंसानों जैसा अपनाता हूँ| 
गीत लिखता हूँ गाता हूँ|| 

खेत खलियानों की आशा, गाँव-गलियों की अभिलाषा,
मौन रह प्रेरित करती जो, दर्द दलने की शुचि भाषा,
सीखता और सिखाता हूँ| 
गीत लिखता हूँ गाता हूँ||

नैन ये कहीं नहीं झुकते, भाव अनुभाव नहीं रुकते,
पूर्ण ऋण जन्मदायिनी के, जानता हूँ न कभी चुकते|
काव्य कर्त्तव्य निभाता हूँ|
गीत लिखता हूँ गाता हूँ|| 

कर्म का क्षेत्र विश्वव्यापी, धर्म कहता जिनको पापी,
सूत्र जीवन संवर्धन के, समझते जो न चरण चापी|
चित्त वे सुप्त जगाता हूँ| 
गीत लिखता हूँ गाता हूँ||

काव्य वाणी युग कल्याणी, बोलते जिसे प्रकृति प्राणी,
नित्य उस अनुशासन द्वारा, भेदकर अन्तर पाषाणी|
अमृत रसधार बहाता हूँ|
गीत लिखता हूँ गाता हूँ||

Tuesday, February 18, 2014

वो चाह रहा खोजना

वो चाह रहा खोजना संकट निदान है,
जिसके न रही हाथ में सत्ता कमान है|

नायक उसे स्वदेश का जनता बता रही.. 
जो प्यार भरी राह का प्रेरक जवान है|

उसको न रहा बैर है इन्सान से कभी-
जो मान रहा शान से भारत विधान है|

उदघोष यही हो रहा उन्नति बड़ी हुई, 
पर प्राण अभी दे रहा भूखा किसान है|

वो खोज करें आप जो धरती सँवार दे, 
श्रीमान भयाक्रांत तो सारा जहान है|

क्यों बैर बढ़ा गैर सा जब मेल के लिए, 
इन्जील अवेस्ता तुका गीता कुरान है|