Tuesday, August 27, 2013

स्वप्निल स्वर्गिक वादे


बहुत विलखते हुए स्वरों ने, प्रभु को पुनः पुकारा है|
किसी क्रूर ने दुखियारी के, तन का चीर उतारा है||

सरेआम कन्या को खींचा, उसे कार से ले भागे,
पता नहीं इन दुर्दान्तों के, जुड़े कहाँ से हैं धागे|
गिरते अश्रुकणों का सोचो, बनता कौन सहारा है?
बहुत विलखते हुए स्वरों ने, प्रभु को पुनः पुकारा है|

इधर-उधर की लफ्फाजी में, छली प्रशासन खोया है|
यहाँ लग रहा अबतो यूँ ज्यों, संरक्षक ही सोया है||
जिसे लेखनी भूल रही थी, फिर वो दर्द उभारा है|
बहुत विलखते हुए स्वरों ने, प्रभु को पुनः पुकारा है|

कदाचार ने सदाचार के, कई लबादे लादे हैं| 
यहाँ लूटने वाले करते, स्वप्निल स्वर्गिक वादे हैं||
वदन चटोरों ने संस्कृति के, तन को किया उघारा है|
बहुत विलखते हुए स्वरों ने, प्रभु को पुनः पुकारा है|

Friday, August 23, 2013

विद्वानों को किया किनारे

अपने आप विचार कीजिये, क्यों न बढ़ेंगे दंगे?
विद्वानों को किया किनारे, पुजने लगे लफंगे||

अज्ञानी जी ज्ञानी जैसी, अंकित किये निशानी,
जहाँ चाहते वहाँ सुनाते, ठग्गू छद्म कहानी|
तंत्र- मन्त्र से हम करते हैं, बीमारों को चंगे|
विद्वानों को किया किनारे, पुजने लगे लफंगे||

यद्दपि संसद भवन राष्ट्र का, महान्याय मंदिर है,
जिसके हर आसान पर बैठा, संसदीय इन्दर है|
कमजोरों के हक पर फिरभी, लगते कई अडंगे|
विद्वानों को किया किनारे, पुजने लगे लफंगे|| 

सदाचार के सूत्र सिखाते, करते हेरा- फेरी,
भ्रष्टाचार छिपाये मौसी, अनाचार की चेरी|
लोकतंत्र को दूषित करते, बलशाली बेढंगे| 
विद्वानों को किया किनारे, पुजने लगे लफंगे||

Tuesday, August 20, 2013

खुले न जिनके

खुले न जिनके ओंठ सोचिये आँगन में,
लगा रहे वे दाग समुज्ज्वल दामन में|

हुआ नहीं बदलाव अकारण मौसम में,
बरस रही है आग आजकल सावन में|

हुई अनैतिक सोच प्रभावी अब इतनी,
जहर मिलाया गया तेल में राशन में|

किसे लगायें दोष प्रदूषण है इतना, 
पड़ा हुआ बीमार प्यार वृन्दावन में|

उन्हें समझते लोग खजाना विद्या का,
गरल उगलते खूब यहाँ जो भाषण में|

करें शिकायत कौन 'तुका' इन लोगों से, 
सुनी न जाती बात प्रशासन शासन में|

Monday, August 12, 2013

लोक व्यवस्था

कर्त्तव्यों की बोझिल गठरी लादे घूम रहे,
आज अनोखेलाल गगन के तारे चूम रहे|

लोक व्यवस्था दोनों हाथों देती मान उन्हें,
जो सत्ता की हिस्सेदारी से महरूम रहे|

अध्यापन की गरिमा शोभा देती नहीं उन्हें,
ज्ञान दान करने में जो भी बेहद सूम रहे|

संविधान ने जीवन यापन का अधिकार दिया,
पर किसकी क्या हैं सीमायें यह मालूम रहे|

खींचातानी अफरातफरी होगी क्यों न वहाँ,
भूख-प्यास से व्याकुल रोता जहाँ हुजूम रहे|

हो सकता संभव सामाजिक तब सदभाव 'तुका',
जब नफ़रत फैलाने वाला रंच न धूम रहे|

Friday, August 9, 2013

नगाड़े लोकशाही के

सुनाई दे रहा सुनिये यही तो शोर है,
पसारा गुंडई ने खौफ़ चारों ओर है|

अचानक आ गया बदलाव ये माहौल में,
भयाभय साँप से दिखने लगा अब मोर है|

हवा में चैन की खुशबू अभी फैली नहीं,
हुआ क्या बाकई सुख शान्ति वर्धक भोर है?

उसी को राजनैतिक क्षेत्र में अवसर यहाँ ,
हुआ जो हाथ-पैरों अर्थ से सहजोर है|

नगाड़े लोकशाही के बहुत से गूँजते,
कहो फिर क्यों गरीबों को बनाया ढोर है|

किसी ने भी उसे सम्मान से देखा नहीं,
'तुका' जो आचरण से ही रहा गमखोर है|

Wednesday, August 7, 2013

अनोखेलाल

कर्त्तव्यों की बोझिल गठरी लादे घूम रहे,
आज अनोखेलाल गगन के तारे चूम रहे|

लोक व्यवस्था दोनों हाथों देती मान उन्हें,
जो सत्ता की हिस्सेदारी से महरूम रहे|

अध्यापन की गरिमा शोभा देती उन्हें नहीं,
ज्ञान दान करने में भी जो बेहद सूम रहे|

संविधान ने जीवन यापन का अधिकार दिया,
पर किसकी हैं क्या सीमायें यह मालूम रहे|

खींचातानी अफरातफरी होगी क्यों न वहाँ,
भूख-प्यास से व्याकुल रोता जहाँ हुजूम रहे|

हो सकता संभव सामाजिक तब सदभाव 'तुका',
जब नफ़रत फैलाने वाला रंच न धूम रहे|

Friday, August 2, 2013

चिंतन जल

सुना गया है यहाँ यही तो, बड़े लोग वे होते हैं?
करें नहीं जो सत्कृत्यों को, पड़े चैन से सोते हैं|

सहजोरों के घर वैभवता, कमजोरों को निर्धनता,
राज्य धर्म के दो पाटों में, पिसती रहती है जनता|
इन्हीं कुचालों ने मानव तो, ढोरों जैसे जोते हैं|
सुना गया है यहाँ यही तो, बड़े लोग वे होते हैं?

शोषण के पोषण की गाथा, सदियों छली सुनाये हैं,
बदले में शासन -सत्ता से, दान सुरक्षा पाये हैं|
परजीवी के भारी बोझे, सदा कमेरे ढोते हैं|
सुना गया है यहाँ यही तो, बड़े लोग वे होते हैं?

दुरभिसंधियों के प्रयास को, परमेश्वर से जोड़ा है,
ठगुओं ने भोले-भालों को, नहीं कहीं का छोड़ा है|
पुनर्जन्म के भव सागर में, बंधक खाते गोते हैं|
सुना गया है यहाँ यही तो, बड़े लोग वे होते हैं?

तुम्हें तथागत ने समझाया, फिर क्यों समझ नहीं आता,
परमात्मा आत्मा का कोई, नहीं सत्य से है नाता|
दुख सुख नहीं समझते वे जो, निज विवेक को खोते है| 
सुना गया है यहाँ यही तो, बड़े लोग वे होते हैं?

सदा निवारण हर कारण का, निश्चय जग में होता है ,
वही बुद्ध है जो विपत्ति में, कभी न नैन भिगोता है|
मिलते हैं फल वही कि जिनके, बीज आदमी बोते है|
सुना गया है यहाँ यही तो, बड़े लोग वे होते हैं?

यही उचित है सभी सभी के, सुख-दुख को मिलकर बाँटें,
मानवकृत भेदों को त्यागें, स्नेह सहित जीवन काटें|
श्रेष्ठ संत तो भ्रम की काई, चिंतन जल से धोते हैं|
सुना गया है यहाँ यही तो, बड़े लोग वे होते हैं?