Saturday, August 20, 2011

बच्चे बने अभागे

मत देखो इन फटी बिवाई ,लहू बहाते पाँवों को |
अगर देखना है तो देखो,अभ्यंतर के घावों को ||
उपेक्षितों के साथ शक्ति ने,खेल घिनौना खेला|
सदियों से ढ़ोते आये हैं, अपमानों का ठेला||
मसली गयीं सहस्रों कलियाँ,फूँक दिये घर-गाँवों को|
जहाँ कहीं आवाज़ उठ गयी, अन्यायों के आगे |
वहीँ हुई अगणित विधवायें,बच्चे बने अभागे ||
सुविधाओं से परे रहा हूँ , कष्टों में ही सदा पला हूँ |
फिर भी स्नेह-मेघ -सा सबका ,करता रहता सदा भला हूँ||
अन्धकार -अज्ञान राह पर, ज्योति जगाकर चलता आया|
साहस-धैर्य ज्ञान के बल से ,अवरोधों को दलता आया ||
भेद-भाव से विलग  सर्वथा ,न्यायिक सहयोगी पहला हूँ ..
भौतिक इच्छाओं को जीता , परम्परायें ठुकराई हैं |
युग में  मानन-मूल्यों वाली, कर्म-प्रभायें दर्शाई हैं ||
मैं जन-सेवक वृक्ष जगत का,जन हित के ही लिये फला हूँ |

Wednesday, August 17, 2011

कवि बनना

कविता लिखना बहुत सरल है , कवि बनना आसन  नहीं है|
उसे कौन कवि कहे कि जिसको ,झूठ-सत्य का ज्ञान नहीं है||
काव्यशास्त्र के नियमों द्वारा, शब्द चयन कर यति-गति लय में,
संयोजित कर उथल-पुथल तो ,की जा सकती किसी ह्रदय में|
पर वह कविता नहीं की जिससे, होता जन कल्याण नहीं है||
कवि बनकर जो जिया न उसकी, कविता जीवन में मरती है|
लेकिन जो कवि बनकर लिखता ,उसे अमर कविता करती है||
सकल सृष्टि में कवि से बढ़कर ,कोई भी इंसान नहीं है|
कविता लिखना बहुत सरल है , कवि बनना आसन  नहीं है|





Tuesday, August 16, 2011

माननीय अन्ना हजारे
 माननीय अन्ना हजारे के द्वारा प्रारम्भ किये गये भ्रष्टाचार विरोधी लोकपाल बिल के समर्थन में जो राजनैतिक दल उनका सहयोग कर रहे हैं अथवा करना चाहते हैं उन्हें जनता से कम-कम यह तो कहना ही चाहिए कि जहाँ कहीं उनके दल की सरकारें हैं वहाँ उन्होंने भ्रष्टाचार के वृक्ष का उन्मूलन कर दिया हैं| 
मेरे परम प्रिय भाइयो और बहनो! यह विश्व विदित प्रभु ईसामसीह का कथानक है कि जब एक तथाकथित व्यभिचारिणी नारी को संसार करने के लिये अर्थार्थ पत्थरों से मारने के लिये जनसमूह उमड़ पड़ा तो उन्होंने कहा था कि इस बहन को पहला पत्थर मारने का वही अधिकारी है जिसने जीवन में कोई पाप न किया हो और अल्प अवधि में पूरा जनसमूह वहाँ से अपने हाथों के पत्थरों को फेककर चला गया ,मैं यह तो कभी नहीं कहूँगा कि कोई व्यक्ति भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज़ न उठाये लेकिन यह अवश्य कहूँगा कि भ्रष्टाचार का उन्मूलन लोकपाल बिल से नहीं होगा , अच्छे चरित्र से हो सकता है और वह हम सबको अपने अंदर विकसित करना है |

Monday, August 15, 2011

मुक्तक

कवि कल्पना के बैंक में खता नहीं रखते ,
इंसानियत के शत्रु से नाता नहीं रखते ,
क्या फ़र्क सत्यासत्य में होता समझते हैं --
कविवृन्द अपने साथ व्याख्याता नहीं रखते|१|
कथरी-दरी के दर्द से सम्बन्ध हैं मेरे,
इस हेतु कविता से हुए अनुबंध हैं मेरे,
मझधार में जो हैं फँसे उनके लिये समझो--
यह गीत मुक्तक छंद तो तटबंध हैं मेरे|2 |

Sunday, August 14, 2011

भ्रष्टाचार

परमेश्वर का विचार कब से है यह कहना असंभव है लेकिन वर्तमान में परमेश्वर के कई पर्याय वाची हैं यथा - प्रभु , ईश्वर, नारायण , स्वामी , आदि और जब यही शब्द प्रभुता ,ऐश्वर्य, स्वामित्व के साथ व्यक्ति से जुड़ते हैं तो अनर्थ होता है क्योंकि इन शब्दों के साथ चढ़ावा जुड़ा हैं जब व्यक्तियों के पास चढ़ावा पहुँचता है तो पहुँचाने वाले को लाभ न पहुँचाने वाले को उपेक्षा आप समझ गए होंगे कि चढ़ावा भ्रष्टाचार का पर्याय है|

शुभ स्वतंत्रता दिवस

शुभ स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र का,पावन पर्व महान है |
प्रेम-प्रतीक तिरंगा झंडा , समता परक विधान है ||
आज़ादी की हमें सुरक्षा , हर हालत में करनी है ,
सब के सुख के लिये सभी में,नव चेतनता भरनी है|
जन-जन का स्वतंत्रता में ही,निहित सदा कल्याण है|
जीवन में ग्रंथों से ज्यादा,उपयोगी निज अनुभव है|
समता,ममता और बंधुता, आज़ादी में संभव है ||
मुक्त-राष्ट्र चिंतन की जग में की जाती पहचान है|
प्रेम-प्रतीक तिरंगा झंडा , समता परक विधान है ||

नया संसार

 शब्द -अर्थ के साधक प्यारे! , करें स्नेह -संचार |
 बनायें एक नया संसार, बनायें एक नया संसार||
               जहाँ  न  प्रभुता  रौब  दिखाये,
               जहाँ  न  पैर  अनीति  जमाये,
               अनुभव सहज व्यक्त करने में-
               भय से भय न  विचारक खाये|
खुले रहें जीवन विकास  के, जहाँ प्रबोधक द्वार |
बनायें एक नया संसार , बनायें एक नया संसार||
               जिसमें कहीं न रहे विषमता ,
               जन जीवन में पसरे ममता ,
               सब सबके हित वर्धक बन के-
               करें प्रमाणित अपनी क्षमता|
मिलते रहें सदैव सभी को,सब अधिकृत अधिकार |
बनायें एक नया संसार , बनायें एक नया संसार||
               सद्विचार से सिचित वाणी ,
               भरे सरस रस हो कल्याणी,
               नित जीवन्त भावनाओं से,
               रहें प्रफुल्लित यूँ सब प्राणी|
एक वृक्ष के पत्तों में ज्यों, रहता  है  सहकार |
बनायें एक नया संसार , बनायें एक नया संसार||



Saturday, August 13, 2011

लोकतंत्र ने?


लोकतंत्र ने है किया,प्रश्न अभीत अटूट,
कौन यहाँ आज़ाद हैं, कौन रहे हैं लूट ?
कौन रहें हैं लूट ,कहाँ है सबको शिक्षा ?
स्वास्थ्य हीन लाचार,हजारों माँगें भिक्षा,
सोच चरित्र विहीन, बना दी अर्थ-तंत्र ने ;
क्या अनीति के हेतु, छूट दी लोकतंत्र ने?

Friday, August 12, 2011

नीति नहीं

नीति नहीं जिसके उर में,वह प्रीति की बात नहीं कहता है |
मानव बुद्धि- विवेक बिना ,अपना अपमान कहाँ सहता है?
जीवन की अनुभूति यही , परमार्थ समीर सदा बहता है |
स्वार्थ-पथी दिनरात 'तुका',पर शोषण में चिपका रहता है ||

न्याय की पताका


चित्र में किसी के दोष देखिये नहीं सुमित्र,हो सके तो चित्र को बनाना सीख लीजिये |
ठीक नहीं अपमान करना किसी का बंधु, रिपु को भी कंठ से लगाना सीख लीजिये ||
ज्ञान के विधान का यही महान अभियान,प्यार की बयार को बहाना सीख लीजिये |
आप हैं , स्वतंत्र लोकतंत्र के महानुभाव, न्याय की पताका फहराना सीख लीजिये ||

Sunday, August 7, 2011

घात मत कीजिये

स्वर्ग की नर्क की बात मत कीजिये |
धर्म के नाम पर घात मत कीजिये||
आदमी आदमी है यही सत्य है ,
जात होती नहीं ज्ञात मत कीजिये |
रौशनी कर सको तो करो प्यार की,
दोपहर को निविड़ रात मत कीजिये |
चैन से सांस लेने न दें जो कभी,
वह गरल युक्त हालत मत कीजिये |
शान्ति की राह अपनाइये अब 'तुका',
ध्वंस आयत-निर्यात मत कीजिये |

सत्य-तथ्य अनुभूति नहीं हो सकती शहद पगी ||

एक साथ रह  कभी न सकती,कविता ओर ठगी |
सत्य-तथ्य अनुभूति नहीं हो सकती शहद पगी ||
अनुभव को ज्यों-का त्यों कवि ने अगर न व्यक्त किया ,
तो समझो उसने बदले में कुछ अनुदान लिया |
कविता है वह छली-बली की होती  नहीं सगी |
सत्य-तथ्य अनुभूति नहीं हो सकती शहद पगी ||
घटना क्रम में कुछ कम करना, चोरी करना है,
बढ़ा-चढ़ाकर कुछ कह देना इज्जत हरना है|
करती नहीं मिलावट वह जो रहती आँख जगी|
सत्य-तथ्य अनुभूति नहीं हो सकती शहद पगी ||