Saturday, December 20, 2014

बढ़ा दर्प अभिमान


सत्ता हथियाने से कितना, बढ़ा दर्प अभिमान|
अनाड़ी बन बैठे विद्वान||
अनाड़ी बन बैठे विद्वान|||
कुम्भ प्रेम के फोड़ रहे हैं, मर्यादायें छोड़ रहे हैं,
सामाजिक जीवन की सारी, सीमाओं को तोड़ रहे हैं|
नागरिकों पर लगे चलाने, जड़ता के पाषाण,
अनाड़ी बन बैठे विद्वान||
अनाड़ी बन बैठे विद्वान|||
थोप रहे अनीति की भाषा, ज्ञात न जिन्हें न्याय परिभाषा,
सम्विधान विपरीत व्यक्त वे, करने लगे दबी अभिलाषा|
लोकतंत्र के बिना रहेगी, कहीं नहीं पहचान|
अनाड़ी बन बैठे विद्वान||
अनाड़ी बन बैठे विद्वान|||
अपना कहा बदलने वालो, छल की चालें चलने वालो, 
अवसर के अनुकूल लाभ के, साँचों भीतर ढलने वालो|
भय फैलाने से बन सकते, कभी न विश्व महान| 
अनाड़ी बन बैठे विद्वान||
अनाड़ी बन बैठे विद्वान|||

Thursday, November 20, 2014

रहवरी देखिये


रहजनों को मिली रहवरी देखिये,
बिछ रही कथरियों पर दरी देखिये|
खलबली से जुड़े जो उन्हीं की हुई, 
अब तबीयत बहुत है हरी देखिये|
हर जगह पर पड़ी गंदगी देख के,
झाडुओं की बढ़ी तस्करी देखिये|
चमचमाते ठगों की बजह से यहाँ, 
बढ़ रही है बहुत भुखमरी देखिये|
अब भरोसा करें आदमी क्यों नहीं,
मिल गया देश को संतरी देखिये|
यह कहा जा रहा जोर से है तुका, 
अब हुई खर्च में कमतरी देखिये|

Saturday, November 15, 2014

नफ़रत की खेती


युगीन गीत:-
छल बल से पारंगत खल को, चारण हमदर्द बताते हैं|
नफ़रत की खेती करते हैं, वोटों की फ़स्ल उगाते हैं||
इतराने से, इठलाने से, सच्चों को आँख दिखाने से,
सत्ता को शक्ति नहीं मिलती, सेठों के साज़ बजाने से|
पाखण्ड सिखाने वालों के, चरणों में शीश झुकाते हैं|
नफ़रत की खेती करते हैं, वोटों की फ़स्ल उगाते हैं||
बातों से बाग नहीं खिलता, अन्धों को मार्ग नहीं मिलता,
प्रतिशोधी अस्त्रों के भय से, क्या शैल आचरण है हिलता?
निर्माण जिन्हें प्रिय होता हैं, वे कभी न ध्वंस कराते हैं|
नफ़रत की खेती करते हैं, वोटों की फ़स्ल उगाते हैं||
परपीर देख जो उर गलता, वह प्राणवायु जैसा चलता,
विज्ञानवाद के चिंतन में, सर्जन का सूर्य नहीं ढलता|
ठग लोकतन्त्र के आँगन में, सामन्ती रीति बढ़ाते हैं|
नफ़रत की खेती करते हैं, वोटों की फ़स्ल उगाते हैं||

Sunday, November 9, 2014

चेतना मुक्त


जहाँ चेतना मुक्त अभियान में है,
वहाँ शक्ति का स्रोत इंसान में है|
सफलता सफलता रटे जा रहे हो,
मगर सार्थकता नहीं ध्यान में है|
यही है गवाही भले आदमी की, 
अनय का समावेश शैतान में है|
बहेगी सरस प्रेरणा हर तरफ ही,
अगर प्राणपोषक पवन प्राण में है|
वही ज़िन्दगी तो बनेगी विजेता, 
रहा स्वार्थ जिसके न अरमान में है|
इसे याद रखना तुका ज़िन्दगी में,
नहीं अन्ध विश्वास विज्ञान में है|

Thursday, November 6, 2014

बातों के हो शेर


बातों के हो शेर तुम्हारा क्या कहना|
दोषारोपण ढेर तुम्हारा क्या कहना||
बढ़ता भ्रष्टाचार कराओ बन्द नहीं, 
होने दो कुछ देर तुम्हारा क्या कहना|
यूँ हो कडुवे बेर मगर निज चेलों को,
लगते मीठे केर तुम्हारा क्या कहना|
जो भी करें विरोध समय की सत्ता के, 
कोल्हू में दो पेर तुम्हारा क्या कहना|
लेन-देन का खेल कहे धनवानों का,
काला धन दो फेर तुम्हारा क्या कहना|
बनके युग अवतार खुले इन हाथों से,
बाँटो झूठे बेर तुम्हारा क्या कहना|
तुकाराम की चाह यही है सुनिये तो, 
बढ़े नहीं अंधेर तुम्हारा क्या कहना|

Tuesday, October 28, 2014

आह कराह का गीत

चल पड़ा है धमकियों का गालियों का दौर,
प्रिय! आप ही समझाइये यह हो रहा क्यों और|
मिल गई सत्ता भला फिरभी नहीं क्यों चैन,
क्या अभी भी चाहते काली अंधेरी रैन|
निज वायदों पर कीजिये स्वयमेव ही कुछ गौर| 
चल पड़ा है धमकियों का गालियों का दौर,
प्रिय! आप ही समझाइये यह हो रहा क्यों और|
क्या जमाखोरी रुकी है क्या रुका उत्कोच,
क्या मिलावटखोर की बदली जरा भी सोच|
जा रहे छीने अभी भी हैं मुखों से कौर| 
चल पड़ा है धमकियों का गालियों का दौर,
प्रिय! आप ही समझाइये यह हो रहा क्यों और|
पिट रहा जयकार का डंका भरे बाजार,
हँस रहे अब मौन हैं इन्सान हैं लाचार|
बेहद सराहा जा रहा है भोगवादी तौर| 
चल पड़ा है धमकियों का गालियों का दौर,
प्रिय! आप ही समझाइये यह हो रहा क्यों और|

Monday, October 20, 2014

पीर युग की


पीर युग की देखकर, हम अश्रु भर लाये,
तब विकल मन ने, सहज कुछ गीत रच पाये|
स्वार्थ विसराये, परमार्थ उपजाये||
मोमबत्ती की तरह निस्वार्थ जल-जल के,
रौशनी करते रहे तम के शिविर दल के|
क्रूरता के खौफ़ से किंचित न घबराये,
तब विकल मन ने, सहज कुछ गीत रच पाये|
स्वार्थ विसराये, परमार्थ उपजाये||
आ गया हूँ आप तक निज गेह से चल के,
ताप से हिम की तरह अधिकाँश गल-गल के|
प्यास सबकी शान्त करने के लिए धाये,
तब विकल मन ने, सहज कुछ गीत रच पाये|
स्वार्थ विसराये, परमार्थ उपजाये||
गाँव-घर तपने लगे तब मेघ बन करके,
छा गये आकाश में शुचि स्नेह जल भर के|
सबके लिए वर्षा किए सृष्टि सरसाये,
तब विकल मन ने, सहज कुछ गीत रच पाये|
स्वार्थ विसराये, परमार्थ उपजाये||
नीम बनकर भूमि पर उपचार हित उपजे,
व्याधियाँ हरते रहे फिरभी नहीं गरजे|
अंग तक काटे गये, तो और हरयाये,
तब विकल मन ने, सहज कुछ गीत रच पाये|
स्वार्थ विसराये, परमार्थ उपजाये||
\

Thursday, October 2, 2014

नाचते दिखते हैं कुछ मोर


हो रही जय-जय चारों ओर,
नाचते दिखते हैं कुछ मोर, 
प्रदर्शन अच्छा है प्रदर्शन अच्छा है|
मगर कुछ सोचो भी श्रीमान,
बढ़ रहा प्रचलन में अज्ञान,
समस्यायें उठ रही अनेक -
ज़िन्दगी हुई नहीं आसान||
नीर से भरी आँख की कोर...
निराशा भरी नहीं है बात,
रुके हैं नहीं घात-संघात,
दरिंदे घूम रहे आज़ाद-
पनपता पाखंडी उत्पात|
खा रहे खूब मलाई चोर...
लग रही प्रतिबंधित अभिव्यक्ति,
दिख रही व्यवहारों में भक्ति,
प्रफुल्लित अभी जीत के मीत-
तड़पती दिखती है अनुरक्ति|
आज भी हावी हैं सहजोर...

Thursday, September 25, 2014

ज्ञानवाणी






हमारी तुम्हारी कहानी पुरानी,
नये जोश में जिंदगानी पुरानी|
लुभाने लगी लालची लोचनों को,
गगन चूमती राजधानी पुरानी|
नये दौर के घोंसलों में सुबह से, 
कथा गूँजती आसमानी पुरानी|
मिला वक्त से खादपानी पुनः तो,
महकने लगी रातरानी पुरानी|
जिसे खोजते-खोजते थक गये थे,
मिली गेह में वो निशानी पुरानी|
तुकाराम यह तो बताओ सभी को,
न होती कभी ज्ञानवाणी पुरानी|

-

Monday, August 4, 2014

रिश्ते पुराने

छिपाने के लिए नाकामियाँ कितने बहाने हैं?
बदल सकते नहीं सरकार से रिश्ते पुराने हैं|

समस्यायें, समस्यायें बढ़ाना काम है जिनका,
उन्हें तो वोट लेने को बड़े सपने दिखाने हैं|

गरीबों की कराहों से दुखी जो नैन भर आते,
उन्हें हर हाल में हारे- थके इन्सां बचाने हैं|

चलों हम भी तुम्हारे ध्येय के साथी बने जाते, 
दबे जो बोझ से उन पर लदे बोझे उठाने हैं|

सुना है भूल जाते लक्ष्य भी सत्ता सुगन्धों में,
सदा यह ध्यान रखिये वायदे पूरे निभाने हैं| 

हज़ारों साल बीते फर्क तो आया नहीं दिखता,
'तुका' युगबोध के नूतन सरस रस्ते बनाने हैं|

Friday, August 1, 2014

नय नयन चाहिये



लघु सदन चाहिये ज़िन्दगी के लिए|
शुचि चलन चाहिये ज़िन्दगी के लिए|

तन वदन का मिलन तो जरूरी नहीं,
मन मिलन चाहिये ज़िन्दगी के लिए|

कुछ शरारत भरे शब्द प्रिय! बोलिये,
नव कथन चाहिये ज़िन्दगी के लिए|

भ्रूण अपराध पल- पल बहुत बढ़ रहे, 
माँ- बहन चाहिये ज़िन्दगी के लिए|

बढ़ रहा जेठ की धूप- सा बैर तो,
अब अमन चाहिये ज़िन्दगी के लिए| 

छल दुराभाव को जो करे दूर वो,
संयमन चाहिये ज़िन्दगी के लिए|    

जड़ व्यवस्था बदल जो सके वो तुका ,
नय नयन चाहिये ज़िन्दगी के लिए|
          

Friday, July 18, 2014

"लम्बे-लम्बे हाथ"

"लम्बे-लम्बे हाथ"

गाँव-गाँव में नगर-नगर में, नारे लगें अजीब,
सलामी इनको दो| 
सलामी इनको दो||

दरिन्दे वैभवता के साथ, बहुत हैं लम्बे-लम्बे हाथ,
यही बनवाते हैं सरकार, बने हैं राजनीति के नाथ|
सलामी इनको दो|
सलामी इनको दो||

वक्त की पहचानों आवाज़, बढ़ेगा शैतानों का राज,
गरीबों की करिये बस बात, लुटेरे लूट रहे जो लाज|
सलामी इनको दो|
सलामी इनको दो||

नहीं सत्ता से कुछ उम्मीद, सिर्फ उसको देनी ताकीद,
समस्याओं से वो अनजान, मगर उसके खाते में दीद| 
सलामी इनको दो|
सलामी इनको दो||

Friday, July 11, 2014

कन्याओं के भ्रूण गिराते,

जर जोरू जमीन भी छीनी जाने लगी कमेरों की|
अधिवक्ता बन गई व्यवस्था डाकू चोर लुटेरों की|| 

बातों से बरसे चतुराई, कामों में झलके ठकुराई,
सत्ता के सातों सुख भोगें, ऊपर से बनते रघुराई|
उजियारे के अभियानों में, घटी न पीर अँधेरों की| 
अधिवक्ता बन गई व्यवस्था डाकू चोर लुटेरों की|| 

कन्याओं के भ्रूण गिराते, अन्यायों को गले लगाते,
ठगुआ पंचायत लगवाकर; निर्दोषों को सजा सुनाते| 
क्रूर प्रशंसा करते दिखते, कुछ जंगल के शेरों की| 
अधिवक्ता बन गई व्यवस्था डाकू चोर लुटेरों की|| 

जो हैं सरकारी सुविधायें, उन्हें गरीबे देख न पायें, 
नाम निर्धनों का ले लेके, धनवानों को गले लगायें|
कड़वी औषधि अब पीनी है, सब को हर्र बहेरों की| 
अधिवक्ता बन गई व्यवस्था डाकू चोर लुटेरों की||

Friday, July 4, 2014

आँच सत्ता


मिली आँच सत्ता उबलने लगे हैं|
गरम दूध जैसा उफनने लगे हैं||

उन्हें छीनने की पड़ी आदतें जो,
निडर बानरों-सा उछलने लगे हैं|

जिन्हें श्रेष्ठ गुणवान माने हुये हो,
वही निर्बलों से उलझने लगे हैं|

छिपाये रहे पर छिपे जो नहीं वे,
कलुष कारनामे उभरने लगे हैं|

फुहारे गिरी मौसमी तो हज़ारों, 
यहाँ मेढ़कों-सा उचकने लगे हैं|

सदा नीर को जो तरसते रहे वे,
'तुका' बादलों-सा उमड़ने लगे हैं|
LikeLike ·  · 

Monday, June 23, 2014

वायदों की आँधियाँ


लालची दृग देख पाये कब किसी की खोट,
वायदों की आँधियों ने हैं बटोरे वोट| 

अब नहीं पछताइये, अपने किये पर और;
हो सके तो कीजिये, कल के लिए कुछ गौर|
आ रहे परदेश से, काले करोड़ों नोट, 
वायदों की आँधियों ने हैं बटोरे वोट| 

अब न महगाई कहीं है और भ्रष्टाचार,
ला रही अच्छे दिवस बदली हुई सरकार| 
खाइये बादाम किसमिस कागजी अखरोट,
वायदों की आँधियों ने हैं बटोरे वोट| 

अब उपेक्षित रो रहे शोषित दलित कमजोर,
अर्थवानों ने बनाया इन सभी को ढोर|
चुपचाप सहना सीखिये पड़ रही जो चोट,
वायदों की आँधियों ने हैं बटोरे वोट| 

त्याग को हैं त्याग बैठे भोगवादी लोग,
फैला हुआ हर ओर है बस लूटने का रोग|
चल रही व्यापारियों की अब अनैतिक गोट, 
वायदों की आँधियों ने हैं बटोरे वोट|
L

Saturday, June 21, 2014

स्नेह का अंकुरण

क्रूर को क्रूर कहिये पकड़िये सही,
न्याय के बंधनों से जकड़िये सही| 

लोग बेहाल हैं बढ़ रहे खौफ़ से-
नाक अपराधियों की रगड़िये सही| 

अश्रु मत पीजिये शान्ति से धैर्य से,
आप अधिकार के हेतु लड़िये सही|

जुर्म को रोकने के लिए सैनिकों, 
भेड़ियों पर तुरत टूट पड़िये सही| 

चाहते हो सुनाना अगर जुल्म तो,
भीड़- सा एक होके उमड़िये सही|

स्नेह का अंकुरण हो सके विश्व में,
बीज बनकर 'तुकाराम' सड़िये सही|

Sunday, June 15, 2014

"परीक्षा है तगड़ी"


"परीक्षा है तगड़ी" 
ठगी ने जनता की, उधेड़ी है चमड़ी ||
किसे है फिक्र पड़ी?

गेह में छिपे पड़े हैं चोर,
खोजते फिरते चारों ओर|
समस्याये कैसे हों दूर-
विवेकी ऊपर बैठे ढोर|| 
मुसीबत में पगड़ी, किसे है फिक्र पड़ी?

आप भी हुए आप से आप,
रो रहे कितने माई- बाप|
पुण्य जो करते थे बेख़ौफ़-
खूब वे किये जा रहे पाप||
प्रभावी नहीं जड़ी, किसे है फिक्र पड़ी?

हो गये तंत्र-मन्त्र आज़ाद,
मौन हो बैठे वाद-विवाद|
सामने कैसे आयें तथ्य- 
शांत करते सत्ता के स्वाद|| 
प्रगति सारी पिछड़ी, किसे है फिक्र पड़ी|

भेड़ियों के आगे खरगोश,
हो चुके मनोभाव बदहोश|
अर्थपतियों की रक्षा हेतु-
लोक सत्ता में छाया जोश|| 
परीक्षा है तगड़ी, किसे है फिक्र पड़ी|

Saturday, May 31, 2014

किसी के पैर के आगे

किसी के पैर के आगे झुका जो सिर नहीं होगा,
विवेकी हो बड़ा कितना मगर कादिर नहीं होगा|

मिले हम लोग वर्षों बाद हैं हालात कहने को, 
चलो हो जाए परिचर्चा कि मौका फिर नहीं होगा|

हमें तो गम नहीं कुछ भी पता है आख़िरी सच ये,
मिला जो वक्त जीवन को यहाँ वो चिर नहीं होगा|

तुम्हें शायद नहीं है ज्ञात दुनियावी हकीकत ये,
कि मानव से अधिक कोई कहीं माहिर नहीं होगा|

रही है चाह सत्ता की जिसे अपने लिए जग में,
भले कोई बने वो तो ह्रदय शाकिर नहीं होगा| 

चले वो दाव कितने भी नहीं अब काम आयेंगे, 
कभी शैतान से ज्यादा चतुर शातिर नहीं होगा|

इसे मत भूलिये जड़ता परिष्कृत हो नहीं सकती, 
वही तो शुद्ध होगा नीर जो भी थिर नहीं होगा|

उमड़ते भाव साहित्यिक तुका बेख़ौफ़ यूँ कहता,
कि कोई आदमी कवि से प्रखर साबिर नहीं होगा|

किसी के पैर के आगे



किसी के पैर के आगे झुका जो सिर नहीं होगा,
विवेकी हो बड़ा कितना मगर कादिर नहीं होगा|

मिले हम लोग वर्षों बाद हैं हालात कहने को, 
चलो हो जाए परिचर्चा कि मौका फिर नहीं होगा|

हमें तो गम नहीं कुछ भी पता है आख़िरी सच ये,
मिला जो वक्त जीवन को यहाँ वो चिर नहीं होगा|

तुम्हें शायद नहीं है ज्ञात दुनियावी हकीकत ये,
कि मानव से अधिक कोई कहीं माहिर नहीं होगा|

रही है चाह सत्ता की जिसे अपने लिए जग में,
भले कोई बने वो तो ह्रदय शाकिर नहीं होगा| 

चले वो दाव कितने भी नहीं अब काम आयेंगे,  

बना शैतान से ज्यादा चतुर शातिर नहीं होगा|

इसे मत भूलिये जड़ता परिष्कृत हो नहीं सकती, 
वही तो शुद्ध होगा नीर जो भी थिर नहीं होगा|

उमड़ते भाव साहित्यिक तुका बेख़ौफ़ यूँ कहता,
कि कोई आदमी कवि से प्रखर साबिर नहीं होगा|

Tuesday, May 6, 2014

प्रतिशोधों की आग

लोकतंत्र में एक व्यक्ति के पीछे कभी न भागो,
भक्तिवाद की नींद तोड़ के आँखें खोलो जागो| 

देश का संविधान कहता, अनय को रंच नहीं सहता,
जिसे है राजनीति का बोध, नहीं वह भयाक्रांत रहता|
सब स्वतंत्र मतदाता अब तो दास भावना त्यागो,
भक्तिवाद की नींद तोड़ के आँखें खोलो जागो|

चिकनी चुपड़ी करके बातें, करते रहते साजिश घातें,
जाति-धर्म का जहर घोल के, करवाते रक्तिम बरसातें,
निष्क्रिय करिये दूषित गोले तोप वोट की दागो,
भक्तिवाद की नींद तोड़ के आँखें खोलो जागो|

युगों-युगों के सत्ता भोगी, घूम रहे यों ज्यों हों जोगी,
प्रतिशोधों की आग लगाते, मानों हों संक्रामक रोगी|
जो माहौल विषाक्त बनायें उनके पैर न लागो, 
भक्तिवाद की नींद तोड़ के आँखें खोलो जागो|

Thursday, April 24, 2014

मसीहा सेवकाई का

युगों से राजधानी की वसीयत आपने पायी,
विषैली सोच से उपजी नसीहत आपने पायी,

कराती आदमी से आदमी को दूर जो बोली-
वही शैतानियत प्रेरित शरारत आपने पायी|

न अपने आपको मानो मसीहा सेवकाई का- 
भलों को रौंदने वाली तबीयत आपने पायी|

नहीं जाने सदाशयता दया करुणा भलाई जो, 
वही उदण्डता ध्वंसक जहालत आपने पायी| 

सभी समकक्ष हैं आज़ाद भारत के सभी वासी,
इन्हें क्यों गैर कहने की हमाक़त आपने पायी?

इसे बर्बाद मत करिये धरोहर है बुजुर्गों की, 
हिफ़ाज़त कीजिये इसकी अमानत आपने पायी|

तुका ने है कहा इतना सदा बेखौफ दुनिया से,
नहीं सहकार करने की रिफाक़त आपने पायी|

Sunday, April 20, 2014

दाल ख्याली

क्रूर पहचान काली मिटेगी नहीं,
दुष्ट के हेतु ताली बजेगी नहीं|

रेत के ढेर से स्वर्ण जैसी कभी, 
मूर्ति सुन्दर निराली बनेगी नहीं|

सींचने मात्र से तो किसी हाल में, 
वृक्ष की शुष्क डाली फलेगी नहीं|

लूटती जो मतों को रही देश में,
वो लुटेरी दुनाली चलेगी नहीं|

चेतना की खुली घोषणा है 'तुका',
अर्थ की दाल ख्याली गलेगी नहीं|

Sunday, April 13, 2014

क्रूरता पर चोट


क्रूरता पर चोट करना हो गया मुश्किल,
क्योंकि अब अपराधियों का बोलवाला हँ|
नफरती दुर्गन्ध फैली, सोच बेहद है विषैली, 
संत की चादर यहाँ तो, हो रही है खूब मैली|
धन उगाने में जुटे हैं आधुनिक नेता,
क्योंकि अब व्यापारियों का बोलवाला है|
सज्जनों को घर निकाला, अंकुरों को नोच डाला,
चिंतकों की बुद्धि पर तो, पड़ गया है अर्थ ताला| 
अब पिपासे रक्त के हर मोड़ पर बैठे, 
क्योंकि अब आतंकियों का बोलवाला है|
सभ्यता से रिक्त भाषा, घोर छाई है निराशा, 
गाँव गलियों बीच नगरों, जाति-वर्गों का तमाशा 
अभिनयी सूरत बनाये राष्ट्र अधिकारी,
क्योंकि अब वैशाखियों का बोलवाला है|

दिल्ली दिखे न दूर

लोकतंत्रीय इस आँगन के, बदल रहे दस्तूर,
पसरने लगा प्रेम का नूर|
पसरने लगा प्रेम का नूर||

कल तक नाम नहीं लेते थे, जो बाबा तेरा,
वे हम सबके के यहाँ जमाने, लगे आज डेरा|
संविधान के आगे उनका, दर्प हुआ काफूर,
पसरने लगा प्रेम का नूर|
पसरने लगा प्रेम का नूर|| 

लूटतन्त्र के गोरखधंधे, जड़ता पाखण्डी,
छोड़ रहे हथियार द्वेष के, शोषक उद्दंडी| 
वोट शक्ति ने कर डाला है, छल-बल चकनाचूर, 
पसरने लगा प्रेम का नूर|
पसरने लगा प्रेम का नूर|| 

खोल दिये प्रेरक दरवाजे, शिक्षा ने सारे,
मुश्किल नहीं तोड़ने लगते, अब नभ के तारे|
सहज संघठन संघर्षों से, दिल्ली दिखे न दूर,
पसरने लगा प्रेम का नूर|
पसरने लगा प्रेम का नूर||

Wednesday, April 9, 2014

सौहार्द वाटिका

पग-पग पर जो किये जा रहा, जन-मन का अपमान, 
उसे अब कहिये तो शैतान| 
उसे अब कहिये तो शैतान||

मानव मूल्यों का हत्यारा, छल बलियों का बना दुलारा,
शील विनय करुणा के घर में, बैर-भाव का रोग उभारा|
जिसके भय से मौन हो गये, बड़े-बड़े विद्वान,
उसे अब कहिये तो शैतान| 
उसे अब कहिये तो शैतान|| 

जेठ धूप जैसा वह फैला, दल-दल में छितराये मैला,
बाजारों ने काले धन का, उसके लिए उड़ेला थैला|
स्वार्थ शक्तियाँ चला रही हैं, जिसका छल अभियान, 
उसे अब कहिये तो शैतान| 
उसे अब कहिये तो शैतान||

चिंतन में हैं खींचातानी, करता रहता है मनमानी,
लोकतंत्र के ऊपर हँसता, नहीं आचरण है इन्सानी|
चाह रहा सौहार्द वाटिका, जो करना वीरान, 
उसे अब कहिये तो शैतान| 
उसे अब कहिये तो शैतान||

Thursday, April 3, 2014

तय करो

युग प्रबंधन डोर हो तुम, 
प्रिय नहीं कमजोर हो तुम, 
यह समय अब पूछता है.. 
तय करो किस ओर हो तुम|

इस तरफ तो है कमेरे, 
उस तरफ लाखों लुटेरे,
नफरतों की आग फैली, 
खुद बचाने हैं बसेरे|
तय करो किस ओर हो तुम|

छल वहाँ हैं बल वहाँ है,
दल-दली कौशल वहाँ है,
नय समर्थक शील प्रेमी-
आचरण उज्ज्वल यहाँ है| 
तय करो किस ओर हो तुम|

Tuesday, March 25, 2014

चिंतन ओध

"**चिंतन ओध**"
लोकतन्त्र का उनके उर में, नहीं पनपता बोध,
सहन जो करते नहीं विरोध|
सहन जो करते नहीं विरोध||

राजनीति के विविध विरोधी, सहयोगी होते हैं,
तर्क विवेकी स्वच्छ नीर से, बैर मैल धोते हैं|
नव विकास के हेतु न चाहें, वे संवर्धन शोध,
सहन जो करते नहीं विरोध|
सहन जो करते नहीं विरोध|| 

एक जगह पर रूक जाने को, जड़ता माना जाता,
बीज न जो सड़ता गलत है, वो न पुनः उग पाता|
नवपरिवर्तन कभी न लाता, उनका चिंतन ओध,
सहन जो करते नहीं विरोध|
सहन जो करते नहीं विरोध||

जनसेवा के लिए सँभालें, जो भी शासन सत्ता,
उनके साथ राष्ट्र उपवन का, हँसता पत्ता-पत्ता| 
प्रायः न्याय नीतियाँ तज के, भग जाते वे योध,
सहन जो करते नहीं विरोध|
सहन जो करते नहीं विरोध||

Monday, March 10, 2014

कवि जीवन तो..



कवि जीवन तो वक्त विवेचक स्नेहाकर्षण है,
सब कुछ साफ दिखाई देता उज्ज्वल दर्पण है|

संग ह्रदय से स्नेह सलिल की धार फूट पड़ती,
जब नयनों में करुण भाव का रहता तर्पण है|

बिगड़े हुए कार्य बन जाते, वहाँ न रिपु रहते,
जहाँ प्यार से रहा प्यार के लिए समर्पण है|

वह उत्तम विचार का उतना बन सकता दानी-
तर्क- कसौटी पर जो करता जितना घर्षण है|

परपीड़ा से पीड़ित जब उर करुणामय होता,
तब कर सकता भाव सुधा से भरा प्रवर्षण है|

कह सकते कवि उसे तुका जो निष्पृह अंतर से,
कर देता परमार्थ स्वतः ही तन मन अर्पण है|

Friday, March 7, 2014

उज्ज्वल तन की ह्रदय मलिनता

राजनीति में छिपी कुटिलता दुनिया ने देखी|
उज्ज्वल तन की ह्रदय मलिनता दुनिया ने देखी||

जोड़- गाँठ से बड़ी कुर्सियाँ जो छीने उनकी,
गाँव-नगर में व्याप्त पतितता दुनिया ने देखी|

शक्तिवान को और और जो दुर्बल को मिलती,
न्याय-नीति में वही विविधता दुनिया ने देखी|

संत भाँति बेदाग़ लबादे जो लादें उनकी,
चतुराई से जनित अधमता दुनिया ने देखी|

हाड़ तोड़ श्रम करें 'तुका' जो तरसें रोटी को ,
उन आँखों में भरी सलिलता दुनिया ने देखी |

Friday, February 28, 2014

मिली सर्जना शक्ति ...

मिली सर्जना शक्ति ...

जिन्हें चाह थी वे हुए दूर हम से,
मिली सर्जना शक्ति भोगे अलम से|

नहीं खौफ खाये किसी भी वहम से,
सदाचार सीखे प्रकृति के नियम से|

नये दौर की रौशनी देख ली तो, 
शिकायत नहीं रह गई है अदम से|

व्यवस्था जिसे मान पापी रही थी,
जुड़े धर्म के तंतु भी उस अधम से|

उन्हें टोकिये रोकिये जो किसी के,
खरीदें यहाँ वोट काली रकम से| 

जईफी 'तुका' शान से कह रही यूँ ,
नहीं साँस लेना किसी के करम से|

Wednesday, February 26, 2014

सहज संतुलन


कभी दूसरों को सताये नहीं है,
भरे नैन डर से झुकाये नहीं है|

अगर हम तुम्हारे नहीं हो सके तो,
हुए आज तक भी पराये नहीं है|

उन्हें क्या पता पीर में पीर है क्यों,
जिन्होंने कभी दुख उठाये नहीं हैं|

उन्हें रौशनी में अँधेरा दिखे जो,
दृगों को अभी खोल पाये नहीं हैं|

खुली बात सुनते खुली बात कहते, 
इशारे किसी को दिखाये नहीं हैं |

वही शील के मीत होते तुका जो,
सहज संतुलन को गँवाये नहीं हैं|

Wednesday, February 19, 2014

गीत लिखता हूँ गाता हूँ..

जिन शब्दों से शान्ति पनपती, उन्हें सुनाता हूँ,
इंसानों को इंसानों जैसा अपनाता हूँ| 
गीत लिखता हूँ गाता हूँ|| 

खेत खलियानों की आशा, गाँव-गलियों की अभिलाषा,
मौन रह प्रेरित करती जो, दर्द दलने की शुचि भाषा,
सीखता और सिखाता हूँ| 
गीत लिखता हूँ गाता हूँ||

नैन ये कहीं नहीं झुकते, भाव अनुभाव नहीं रुकते,
पूर्ण ऋण जन्मदायिनी के, जानता हूँ न कभी चुकते|
काव्य कर्त्तव्य निभाता हूँ|
गीत लिखता हूँ गाता हूँ|| 

कर्म का क्षेत्र विश्वव्यापी, धर्म कहता जिनको पापी,
सूत्र जीवन संवर्धन के, समझते जो न चरण चापी|
चित्त वे सुप्त जगाता हूँ| 
गीत लिखता हूँ गाता हूँ||

काव्य वाणी युग कल्याणी, बोलते जिसे प्रकृति प्राणी,
नित्य उस अनुशासन द्वारा, भेदकर अन्तर पाषाणी|
अमृत रसधार बहाता हूँ|
गीत लिखता हूँ गाता हूँ||

Tuesday, February 18, 2014

वो चाह रहा खोजना

वो चाह रहा खोजना संकट निदान है,
जिसके न रही हाथ में सत्ता कमान है|

नायक उसे स्वदेश का जनता बता रही.. 
जो प्यार भरी राह का प्रेरक जवान है|

उसको न रहा बैर है इन्सान से कभी-
जो मान रहा शान से भारत विधान है|

उदघोष यही हो रहा उन्नति बड़ी हुई, 
पर प्राण अभी दे रहा भूखा किसान है|

वो खोज करें आप जो धरती सँवार दे, 
श्रीमान भयाक्रांत तो सारा जहान है|

क्यों बैर बढ़ा गैर सा जब मेल के लिए, 
इन्जील अवेस्ता तुका गीता कुरान है|