Sunday, August 12, 2012

जिन्हें सताया गया हमेशा, उन सबकी पहचान हैं|
जुटे रहे प्रिय! पर सेवा में, सरल सहज इन्सान हैं||

मजहब के जो नहीं खिलाड़ी,ठग विद्या के नहीं जुगाड़ी,
पढ़े-लिखों ने जिनको समझा,अविवेकी अत्यंत अनाड़ी|
सदा धूल में गये मिलाये, निबलों के अरमान हैं | 
जुटे रहे प्रिय! हैं पर सेवा में, सरल सहज इन्सान हैं||

नहीं मिली सदियों तक शिक्षा,बात-बात पर दिये परीक्षा,
पुरखों के जीवन यापन की, हुई नहीं निष्पक्ष समीक्षा||

कुछ छलिया विपरीत इन्हीं के,चला रहे अभियान हैं|
जुटे रहे प्रिय! पर सेवा में, सरल सहज इन्सान हैं||

लोकतंत्र में भी मनमानी,कुछ करते हैं खींचा-तानी,
अपने आप विचार कीजिये,कब तक होगी यह नादानी?
अब तो शोषित पढ़े-लिखे हैं,शीलवान विद्वान हैं| 
जुटे रहे प्रिय! पर सेवा में, सरल सहज इन्सान हैं||

समता परक विधान हमारा,इसने जन-जन को स्वीकारा,
सब स्वतंत्र अभिव्यक्ति हेतु हैं,अब न सत्य से कसो किनारा|
हम सब भारत के वासी हैं,भारत की संतान हैं | 
जुटे रहे प्रिय! पर सेवा में, सरल सहज इन्सान हैं||

No comments:

Post a Comment